मियामी गार्डन्स2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

जूड बेलिंगहैम के दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उसने रविवार के पहले मुकाबले में नॉर्वे को एक्स्ट्रा टाइम में 2-1 से हराया। इंग्लैंड 2018 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के अंतिम-4 में पहुंचा है।
मियामी स्टेडियम में खेला गया मुकाबला तय समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। उसके बाद रियल मैड्रिड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम ने टीम के दोनों गोल किए। विजयी गोल एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में हराया। इंग्लैंड का सेमीफाइनल मैच अर्जेंटीना से 15 जुलाई को होगा।
इंग्लैंड-नॉर्वे मैच में खास
- जूड बेलिंगहम ने मैच में 2 गोल किए। उनके फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अब तक 6 गोल हो गए हैं। इंग्लिश कैप्टन हैरी केन ने भी 6 गोल किए हैं। यह पहली बार है, जब इंग्लैंड के दो खिलाड़ियों ने एक ही वर्ल्ड कप में 5 या उससे अधिक गोल दागे हैं।
- गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड ने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के लिए अपना 18वां मैच खेलकर नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पीटर शिल्टन के 17 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वर्ल्ड कप इतिहास में इंग्लैंड के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले गोलकीपर बन गए।
- नॉर्वे की टीम पहली बार वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल मैच खेल रही थी। इससे पहले टीम 1938 और 1998 में प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) तक पहुंची थी, जबकि 1994 में ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।
- इंग्लैंड ने चौथी बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले टीम 1966, 1990 और 2018 के एडीशन के टॉप-4 में शामिल रही थी। उसने 1966 में पश्चिम जर्मनी को 4-2 से हराकर एकलौता टाइटल जीता था।

गोल सेलिब्रेट करते जूड बेलिंगहैम।

जीत के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन और जॉन स्टोन्स।
नॉर्वे ने शेल्डेरुप के गोल से बढ़त बनाई
नॉर्वे ने 36वें मिनट में एंड्रियास शेल्डेरुप के गोल से बढ़त हासिल की। हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में बेलिंगहैम ने नजदीक से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इस गोल पर विवाद खड़ा हो गए। गोल से ठीक पहले गेंद के एरियल कैमरा केबल से टकराने की आशंका थी। ऐसी स्थिति में खेल रोककर ड्रॉप बॉल से दोबारा शुरुआत करना जरूरी है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
बाद में FIFA ने इस गोल पर स्पष्टीकरण जारी किया। उसने बताया कि मैच बॉल में लगे सेंसर के डेटा के अनुसार गेंद हवा में रहते हुए ओवरहेड वायर से नहीं टकराई थी, इसलिए गोल वैध था।
FIFA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘इंग्लैंड के गोल से पहले कनेक्टेड बॉल के सेंसर में ऐसा कोई संकेत नहीं मिला, जिससे यह साबित हो कि गेंद ओवरहेड वायर से टकराई और उसकी दिशा बदली।’

FIFA ने इस पोस्ट के जरिए गोल पर स्पष्टीकरण जारी किया।
नॉर्वे का दूसरा गोल रद्द हुआ
हाफ टाइम के बाद 56वें मिनट में टॉरब्योर्न हेगम ने कॉर्नर के बाद रीबाउंड पर गोल कर नॉर्वे को फिर बढ़त दिलाई थी, लेकिन वीडियो रीव्यू में बॉक्स के अंदर एरलिंग हालैंड के फाउल की वजह से गोल रद्द कर दिया गया।
इसके बाद हालैंड पूरे मैच में गोल नहीं कर सके। यह इस वर्ल्ड कप का पहला मैच रहा, जिसमें वे स्कोरशीट पर जगह नहीं बना पाए। अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में उन्हें बाहर बुला लिया गया।

टॉरब्योर्न हेगम का गोल रद्द कर दिया गया। यहां हालैंड ने बॉक्स पर फाउल किया था।
एक्स्ट्रा टाइम में बेलिंगहैम बने मैच विनर
निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। एक्स्ट्रा टाइम के तीसरे मिनट में बेलिंगहैम ने गोल कर इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिलाई, जिसे टीम ने आखिर तक बरकरार रखा।

बेलिंगहैम इंग्लैंड की जीत के हीरो रहे। उन्होंने डबल गोल किए।
वर्ल्ड कप में बेलिंगहैम और केन के 6-6 गोल
बेलिंगहैम ने इस विश्व कप में अपने गोलों की संख्या छह कर ली है। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन के भी छह गोल हैं। दोनों से आगे सिर्फ फ्रांस के किलियन एमबाप्पे और अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 8-8 गोल हैं।
——————————————
फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
अर्जेंटीना छठी बार फुटबॉल वर्ल्डकप सेमीफाइनल में, स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराया

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उसने आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना को 2-1 से हराया। लियोनेल मेसी की टीम ने छठी बार वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। पढ़ें पूरी खबर
