- Hindi News
- Sports
- Brazil Vs Morocco Draw | Cybary, Vinicius Score; Brazil Undefeated Opening Match Since 1934
ईस्ट रदरफोर्ड4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दुनिया की 37वें नंबर की टीम स्कॉटलैंड ने 44 साल बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप में जीत से शुरुआत की है। उसने रविवार को ग्रुप-सी के मैच में हैती को 1-0 के अंतर से हराया। बूस्टन स्टेडियम में स्कॉटलैंड की ओर से 28वें मिनट में जॉन मैक्गिन ने गोल दागा। यह मैच का निर्णायक गोल साबित हुआ।
इस ग्रुप के एक अन्य मैच में मोरक्को ने 5 बार के चैंपियन ब्राजील को ड्रॉ पर रोक दिया। ब्राजील अपने पहले वर्ल्ड कप मैच में 1934 से अजेय है। न्यू जर्सी स्टेडियम में मोरक्को ने इस्माइल साइबारी के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन स्टार फॉरवर्ड विनिसियस जूनियर के गोल के सहारे ब्राजील ने वापसी करते हुए एक अंक हासिल कर लिया।
इन मैचों के बाद स्कॉटलैंड ग्रुप-सी के पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आ गई है। जबकि, मोरक्को दूसरे और ब्राजील तीसरे स्थान पर है। स्कॉटलैंड के पास 3 अंक हैं, जबकि ब्राजील और मोरक्को के पास एक-एक अंक ही हैं। हैती हार के बाद सबसे निचले स्थान पर है।

3 खास बातें…
- यह पहली बार है, जब विनिसियस जूनियर ने ब्राजील के लिए गोल किया और टीम जीत नहीं सकी है। इससे पहले विनिसियस ने आठ मैचों में ब्राजील के लिए गोल दागे, उन सभी में टीम को जीत मिली।
- ब्राजील ने वर्ल्ड कप के पहले मैचों में अपना 21 मैचों का अपराजित क्रम बरकरार रखा। ब्राजील आखिरी बार 1934 में स्पेन के खिलाफ वर्ल्ड कप का पहला मैच हारा था। इस दौरान उसने 17 जीत दर्ज की हैं।
- स्कॉटलैंड को फुटबॉल वर्ल्ड कप में 36 साल बाद जीत मिली है। पिछली जीत 1990 में मिली थी। इतना ही नहीं, स्कॉटलैंड ने 1982 के बाद फुटबॉल वर्ल्ड कप में अपना पहला मैच जीता था। इससे पहले टीम ने 1982 फीफा वर्ल्ड कप (स्पेन) में न्यूजीलैंड को 5-2 से हराया था।
मैच-7: ब्राजील बनाम मोरक्को, स्कोरलाइन 1-1
साइबारी के गोल से मोरक्को को बढ़त मिली
मोरक्को ने अटैकिंग शुरुआत की और 21वें मिनट में बढ़त हासिल कर ली। नुसैर मजराउई ने ब्राजील के मिडफील्डर लुकास पाकेटा से गेंद छिनने के बाद ब्राहिम डियाज को पास दिया। फिर डियाज की शानदार थ्रू बॉल पर इस्माइल साइबारी ने दौड़ लगाई और गोलकीपर एलिसन बेकर के ऊपर से गेंद चिप करते हुए गोल दाग दिया।
मोरक्को के इस्माइल साइबारी गोल सेलिब्रेट करते हुए।
विनिसियस जूनियर ने बराबरी का गोल दागा
ब्राजील ने 11 मिनट बाद जवाब दिया। 32वें मिनट में विनिसियस जूनियर ने ब्रूनो गिमारेस के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाया। बाएं फ्लैंक से अंदर की ओर बढ़ते हुए उन्होंने जोरदार राइट फुट शॉट लगाया, जो मोरक्को के गोलकीपर यासीन बूनू को छकाते हुए गोल में चला गया। यह विनिसियस के इंटरनेशनल करियर का 10वां गोल है।
विनिसियस जूनियर ने करियर का 10वां इंटरनेशनल गोल दागा है।
ब्राजील 2002 में पिछली बार चैंपियन बना था ब्राजील इस वर्ल्ड कप में 2002 के बाद पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरा है, हालांकि टीम को अपने स्टार खिलाड़ी नेमार की कमी खली, जो पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और इस मुकाबले में नहीं खेले।
मैच-5: हैती बनाम स्कॉटलैंड; स्कोरलाइन 0-1
मैक्गिन का किक डिफ्लेक्ट होकर गोल में गया
दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की। स्कॉटलैंड के स्कॉट मैकटॉमिने ने शुरुआती मिनटों में एक हेडर बाहर मारा और फिर उनका शॉट पोस्ट से टकराकर लौट आया। 29वें मिनट में चे एडम्स ने बेन गैनन-डोक को पास दिया। उनके क्रॉस को हैती के डिफेंडर्स ने रोका, लेकिन गेंद बॉक्स के बाहर खड़े जॉन मैक्गिन के पास पहुंच गई। मैक्गिन ने जोरदार शॉट लगाया, जो डिफ्लेक्शन के बाद गोल में चला गया।
गोल सेलिब्रेट करते स्कॉटलैंड के जॉन मैक्गिन और उनके साथी खिलाड़ी।
हैती ने मौके बनाए, लेकिन बराबरी नहीं कर सकी
गोल खाने के बाद हैती ने वापसी की कोशिश की। रुबेन प्रोविडेंस ने शानदार मौका बनाया, लेकिन स्कॉटलैंड के गोलकीपर एंगस गन ने खतरा टाल दिया। दूसरे हाफ में भी मुकाबला तेज गति से खेला गया, हालांकि दोनों टीमों को ज्यादा साफ मौके नहीं मिले। मैक्गिन के पास दूसरा गोल करने का अवसर था, लेकिन उनका शॉट टारगेट पर नहीं गया।
आखिरी मिनटों में हैती की कोशिश नाकाम
मैच के अंतिम चरण में हैती ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया। फ्रांत्जी पियेरो ने हेडर के जरिए गोल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद पोस्ट के बाहर निकल गई। स्कॉटलैंड ने इसके बाद बढ़त बरकरार रखी और 1-0 से जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप अभियान की सफल शुरुआत की।
——————————————–
फुटबॉल वर्ल्ड कप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
फुटबॉल वर्ल्डकप में कतर ने स्विट्जरलैंड को ड्रॉ पर रोका

आखिरी क्षणों में बौआलेम खौखी के गोल से कतर ने फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-बी मैच में स्विट्जरलैंड को 1-1 के ड्रॉ पर रोक लिया। इंजरी टाइम के चौथे मिनट में हेडर के जरिए आए इस गोल ने कतार को हार से बचा लिया। जबकि, स्विट्जरलैंड से जीत छीन ली। पढ़ें पूरी खबर
