स्पोर्ट्स डेस्क12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

टी-20 वर्ल्ड कप में मंगलवार को पल्लेकेले में ग्रुप-बी का 32वां मुकाबला जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच खेला जाएगा। इस मैच में जीत दर्ज करने पर जिम्बाब्वे के पास पहली बार सुपर-8 में पहुंचने का सुनहरा मौका होगा।
जिम्बाब्वे ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम अजेय रही है। अगर वह आयरलैंड को हरा देता है, तो उसके तीन मैचों में छह अंक हो जाएंगे। हालांकि, इतने अंकों के बाद भी सुपर-8 में उसकी जगह पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगी।
ग्रुप-बी की स्थिति अभी काफी रोमांचक बनी हुई है। श्रीलंका के दो मैचों में चार अंक हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया के दो मैचों में दो अंक हैं। जिम्बाब्वे को अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला 19 फरवरी को मेजबान श्रीलंका के खिलाफ खेलना है। यदि श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया भी अपने बाकी मैच जीतकर छह अंक तक पहुंच जाते हैं, तो सुपर-8 की तस्वीर नेट रन रेट के आधार पर तय होगी।
जिम्बाब्वे अब तक सात प्रयासों में कभी भी सुपर-8 चरण तक नहीं पहुंच पाया है, ऐसे में इस बार टीम के पास इतिहास रचने का अच्छा मौका है।
हेड-टु-हेड की बात करें तो जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच अब तक 18 टी-20 मुकाबले खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 8-8 मैच जीते हैं, जबकि 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला है।

ब्रायन बेनेट और गेंदबाजों का शानदार फॉर्म जिम्बाब्वे की इस कामयाबी में उनके टॉप ऑर्डर बल्लेबाज ब्रायन बेनेट और तेज गेंदबाजों की बड़ी भूमिका रही है। बेनेट ने ओमान के खिलाफ नाबाद 48 और फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 64 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला है। वह टूर्नामेंट के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने अब तक खेले 2 मैचों में 121.73 की स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी, और ब्रैडली इवांस अब तक घातक साबित हुए हैं। मुजरबानी ने दो मैचों में 7 और इवांस ने 6 विकेट चटकाए हैं। ओमान को उन्होंने महज 103 रनों पर ढेर कर दिया था।

आयरलैंड की चुनौती: कप्तान स्टर्लिंग बाहर, लेकिन टकर फॉर्म में दूसरी तरफ, आयरलैंड की टीम अपने शुरुआती दो मैच श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से हारकर टूर्नामेंट से लगभग बाहर होने की कगार पर है, लेकिन उसने ओमान के खिलाफ 96 रनों की बड़ी जीत दर्ज कर अपनी ताकत दिखाई है।
आयरलैंड के लिए बुरी खबर यह है कि उनके नियमित कप्तान पॉल स्टर्लिंग घुटने की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह कप्तानी कर रहे लोर्कन टकर ने ओमान के खिलाफ 51 गेंदों में 94 रनों की तूफानी पारी खेली थी। आयरलैंड ने उस मैच में 235 रन बनाए थे,जो इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा स्कोर है। आयरलैंड की ओर से लोर्कन टकर टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने अब तक खेले 3 मैचों में 144.79 की स्ट्राइक रेट से 139 रन बनाए हैं।

पल्लेकेले की पिच और मौसम का मिजाज पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार रहती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 171 रन है। हालांकि, मैच के दिन बारिश का साया मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह से ही हल्की बारिश की 30-40% संभावना है। तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है क्योंकि यहां पिछले 5 में से 3 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन आयरलैंड:टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (कप्तान और विकेटकीपर), कर्टिस कैंपर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मार्क अडायर, बैरी मैक्कार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज और जोशुआ लिटिल।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमनी,डायोन मायर्स, रयान बर्ल,सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रैडली इवांस,टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा,ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी।
क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें
