- Hindi News
- Career
- Cricketer Richa Ghosh Becomes DSP Of Bengal Police Gets Bang Bhushan Samman Check Profile
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ‘X’ फैक्टर कही जाने वाली विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष को पश्चिम बंगाल पुलिस में DSP यानी पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें यह नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही उन्हें राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बंग भूषण से भी सम्मानित किया। ऋचा ने हाल ही में ICC विमेंस वर्ल्ड कप जीतने में अहम भूमिका निभाई थी।

4 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू किया
ऋचा को क्रिकेट खेलने की प्रेरणा उनके पिता देबाशीष घोष से मिली। वो खुद एक क्रिकेटर रहे और बाद में अंपायरिंग करने लगे। उन्होंने मात्र 4 साल की छोटी उम्र से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनकी शुरुआती क्रिकेट ट्रेनिंग सिलीगुड़ी की सारेगामा क्रिकेट एकेडमी में हुई। यहीं से उन्होंने अपनी विकेटकीपिंग और बैटिंग स्किल्स को निखारा।
तीनों फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू किया
ऋचा ने फरवरी 2020 में 16 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्राई सीरीज में अपना पहला T20 इंटरनेशनल मैच खेला। इसके बाद उन्हें उसी साल ऑस्ट्रेलिया में हुए ICC विमेंस T20 वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया।
फिर सितंबर 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही उन्होंने अपना वनडे अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया। इसके बाद, उन्होंने दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के ही खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। इसके साथ वो तीनों फॉर्मेट में भारत का रिप्रजेंट करने वाली खिलाड़ी बन गईं।
विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में 34 रन बनाए
इंडियन टीम ने 2 नवंबर, 2025 को ICC विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराया था। इसके साथ ही इंडियन टीम ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता। भारतीय टीम के लिए खिताबी मुकाबले में ऋचा घोष ने 34 रन बनाए। इसके चलते भारत 300 के करीब स्कोर बनाने में सफल रहा।

ऋचा घोष ने 2025 विमेंस वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में शानदार 34 रन बनाए थे।
वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा 6s लगाए
ऋचा घोष ने विमेंस वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाए। उन्होंने फाइनल में 2 छक्के मारे। इसी के साथ उनके नाम टूर्नामेंट में 12 सिक्स हो गए। वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन 2013 और साउथ अफ्रीका की लिजेल ली 2017 में 12-12 सिक्स लगा चुकी हैं।
अब तक 7 अर्द्धशतक लगा चुकी हैं
ऋचा घोष ने अब तक भारत के लिए 51 एकदिवसीय मैचों की 49 पारियों में 29.35 की औसत और 103 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 1,145 रन बनाए हैं। इसमें 7 अर्द्धशतक शामिल है।
ऋचा का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन है, जो उन्होंने इसी विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। यह पारी उन्होंने नंबर 8 पर बल्लेबाजी करते हुए खेली थी, जिसके लिए 77 बॉल खेली।
सौरव गांगुली ने दिया सम्मान
शनिवार 8 नवंबर को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें CAB के अध्यक्ष सौरव गांगुली, पूर्व क्रिकेटर झूलन गोस्वामी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शामिल हुईं। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने ऋचा को पश्चिम बंगाल पुलिस का DSP नियुक्त किया और नियुक्ति पत्र सौंपा।
इसके अलावा, ऋचा को मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से एक सोने की चेन भी भेंट की और उन्हें राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, बंग भूषण से भी सम्मानित किया गया। CAB ने ऋचा को 34 लाख रुपए का नकद पुरस्कार और गोल्ड का एक बैट और गेंद भी प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऋचा को पश्चिम बंगाल के सर्वोच्च सम्मान बंग भूषण से सम्मानित किया।
दीप्ति शर्मा और मोहम्मद सिराज भी बन चुके DSP
ऋचा घोष से पहले इसी साल जनवरी में ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा को उत्तर प्रदेश पुलिस में DSP के पद पर नियुक्त किया गया था। दीप्ति ने ICC महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में ऑलराउंड प्रदर्शन कर ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ अवॉर्ड जीता। पिछले साल अक्टूबर में भारतीय मेन्स टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी तेलंगाना पुलिस में DSP बने थे।
————————-
ये खबर भी पढ़ें….
‘एजुकेट गर्ल्स’ को मिला रेमन मैग्सेसे पुरस्कार:20 लाख लड़कियों को शिक्षित किया, सफीना हुसैन ने अपने खर्चे से शुरू किया था NGO

भारत में लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाले NGO यानी नॉन-गवर्नमेंटल ऑर्गेनाइजेशन ‘एजुकेट गर्ल्स’ को रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पहला इंडियन ऑर्गेनाइजेशन है, जिसे यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है। साल 2007 में सफीना हुसैन ने इसकी शुरुआत की थी।
रेमन मैग्सेसे को एशिया का नोबेल पुरस्कार कहा जाता है। ‘एजुकेट गर्ल्स’ मैग्सेसे सम्मान पाने वाला पहला भारतीय NGO है। पढ़ें पूरी खबर…