- Hindi News
- Sports
- 2038 Asian Games, India Bid, Ahmedabad, OCA Visit, Indian Olympic Association, OCA Executive Board
स्पोर्ट्स डेस्क4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पिछला एशियन गेम्स 2022 में चीन में हुआ था।
2036 ओलिंपिक की मजबूत दावेदारी और 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) की मेजबानी हासिल करने के बाद अब भारत की नजरें 2038 के एशियन गेम्स पर हैं। भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) ने आधिकारिक तौर पर इसके लिए अपनी इच्छा जाहिर की है।
गुरुवार को चीन के सान्या में ओलिंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) की एग्जीक्यूटिव बोर्ड की बैठक हुई। इसमें भारत के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। बोर्ड ने फैसला लिया है कि भारत की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जल्द ही एक इवैल्यूएशन टीम देश का दौरा करेगी। 2038 के स्लॉट के लिए भारत के अलावा साउथ कोरिया और मंगोलिया ने भी अपनी रुचि दिखाई है।
पहला एशियन गेम्स 1951 में भारत में हुआ था।
अहमदाबाद बनेगा खेलों का हब
2036 ओलिंपिक और 2030 CWG की तरह 2038 एशियन गेम्स का केंद्र भी अहमदाबाद ही रहेगा। गुजरात सरकार ने इसके लिए बड़े स्तर पर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण शुरू कर दिया है।
- सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव: नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास 355 एकड़ में फैला यह इलाका मुख्य केंद्र होगा। यहां एक्वेटिक्स, टेनिस सेंटर और इंडोर एरेना बनाए जा रहे हैं।
- कराई स्पोर्ट्स हब: गांधीनगर में 143 एकड़ में एथलेटिक्स स्टेडियम, शूटिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य वेन्यू तैयार किए जा रहे हैं।
56 साल बाद भारत में वापसी की कोशिश
भारत ने 1951 में पहले एशियन गेम्स की मेजबानी की थी। इसके बाद आखिरी बार 1982 में ये खेल भारत में हुए थे। दोनों ही बार मेजबानी दिल्ली ने की थी। अगर भारत 2038 की बिड जीतता है, तो यह 56 साल बाद देश में एशियन गेम्स की वापसी होगी।
कम लागत में होगा बड़ा आयोजन
IOA के अधिकारियों का मानना है कि 2038 एशियन गेम्स की मेजबानी भारत के लिए ‘लॉजिकल स्टेप’ है। 2030 CWG और 2036 ओलिंपिक के लिए अहमदाबाद में इंफ्रास्ट्रक्चर पहले से ही तैयार होगा, ऐसे में एशियन गेम्स के आयोजन की लागत काफी कम हो जाएगी। यदि भारत को 2036 ओलिंपिक की मेजबानी मिलती है, तो एशियन गेम्स के लिए वही वेन्यू इस्तेमाल हो सकेंगे।