Site icon Newsleak

श्रीलंका लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फाइनल में:पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया; रविवार को भारत से होगा खिताबी मुकाबला


श्रीलंका ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार को दुबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम ने पाकिस्तान को 4 विकेट से हराया। दुबई में पाकिस्तान के 130/5 के जवाब में श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन बनाकर जीत दर्ज की। अब रविवार को फाइनल में उसका सामना भारतीय महिला टीम से होगा। पाकिस्तान की कप्तान मैदान पर रो पड़ीं पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 36 गेंदों पर 47 रन बनाए और गेंदबाजी में 38 रन देकर 4 विकेट लिए। वह प्लेयर ऑफ द मैच भी रहीं। हालांकि, उनका यह प्रदर्शन पाकिस्तान को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त नहीं था। हार के बाद फातिमा मैदान पर ही भावुक होकर रो पड़ीं। 33 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में था श्रीलंका 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। फातिमा सना ने अपने पहले ही स्पेल में कप्तान चमारी अथापत्तू (1) और विशमी गुणरत्ने (0) को आउट कर दिया। 10वें ओवर तक श्रीलंका ने 33 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। पाकिस्तान की गेंदबाजी के सामने रन बनाना मुश्किल हो रहा था और श्रीलंका पर दबाव बढ़ता जा रहा था। हर्षिता-कविशा की 67 रन की साझेदारी ने मैच पलटा ऐसे समय में हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने पांचवें विकेट के लिए 59 गेंदों पर 67 रन जोड़कर पारी संभाली। हर्षिता ने 31 गेंदों पर 36 रन बनाए, जबकि कविशा ने 33 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया। दोनों ने तेजी से रन बनाने के बजाय विकेट बचाए और खराब गेंदों को बाउंड्री तक पहुंचाया। इससे श्रीलंका की रन गति बनी रही और पाकिस्तान पर दबाव लौटने लगा। फातिमा ने एक बार फिर पाकिस्तान को मैच में वापस ला दिया। उन्होंने एक ही ओवर में हर्षिता और कविशा दोनों को आउट कर दिया। लेकिन तब तक श्रीलंका जीत के काफी करीब पहुंच चुका था। नीलाक्षी डी सिल्वा और कौशिनी नुथ्यांगना ने बाकी रन पूरे किए। कौशिनी ने फातिमा की गेंद पर अपने करियर का पहला छक्का लगाया। इसके बाद नीलाक्षी ने फ्री-हिट पर चौका लगाकर श्रीलंका को 8 गेंद बाकी रहते जीत दिला दी। चमारी अथापत्तू और स्पिनर्स ने पाकिस्तान को शुरुआती झटके दिए इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए भेजा। दुबई की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिल रही थी और श्रीलंकाई गेंदबाजों ने इसका फायदा उठाया। चमारी अथापत्तू ने शुवाल जुल्फिकार और आयशा जफर को शुरुआती दो ओवरों में आउट किया। सुगंधिका कुमारी ने मुनीबा अली को पवेलियन भेजा। 17 साल की बाएं हाथ की स्पिनर चामौडी प्रबोधा ने सादफ शमास को स्टंप कराकर पाकिस्तान का चौथा विकेट गिराया। 10 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 52 रन था। 6 डॉट गेंदों के बाद फातिमा ने बदला पाकिस्तान का खेल पाकिस्तान की पारी मुश्किल में थी, लेकिन फातिमा सना ने एक छोर संभाल लिया। उन्होंने शुरुआत में अपनी पहली छह गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया। इसके बाद उन्होंने तेजी से रन जुटाने शुरू किए। फातिमा ने चामौडी प्रबोधा की गेंद पर चौका लगाकर खाता खोला। फिर कविशा दिलहारी की गेंद पर चौका और छक्का लगाया। इससे पाकिस्तान की पारी को जरूरी गति मिली। गुल फिरोजा ने 32 गेंदों पर 21 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद फातिमा ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े। तुबा हसन ने भी 10 गेंदों पर 12 रन बनाए। पाकिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 78 रन जोड़े और 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन तक पहुंच गया। अब भारत से रविवार को फाइनल में मुकाबला होगा। ——————————————————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… मां-पापा माफ करना, मरने की बात कर रही हूं:एशियन गेम्स से बाहर किए जाने पर भावुक हुई भारतीय खिलाड़ी, बोलीं- ये मेरा आखिरी वीडियो जापान में 19 सितंबर से शुरू हो रहे एशियन गेम्स के लिए भारतीय वुशु टीम की घोषणा 23 जून को कर दी गई थी। हालांकि, खेल मंत्रालय ने 11 सितंबर को एक अपडेट जारी किया, जिसमें पहले से घोषित टीम की मेंबर दिव्यांशी चौधरी को बाहर कर नाओरेम रोशिबीना देवी को शामिल कर लिया गया है। पूरी खबर

Source link

Exit mobile version