Site icon Newsleak

विराट कोहली ने पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ा:न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे कामयाब वनडे बल्लेबाज बने; रोहित ने शाहिद अफरीदी को पीछे छोड़ा


भारत ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 4 रन से हरा दिया। वेलिंगटन में हुए इस मैच के दौरान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वे न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। रोहित शर्मा ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहीद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं भारतीय तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और न्यूजीलैंड बैटर डेरिल मिचेल के बीच बहस हुई। भारत-न्यूजीलैंड दूसरे वनडे में बने टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में हाईएस्ट रन स्कोरर कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 1,978 रन बना चुके हैं। पोंटिंग के 1,971 रन हैं। 1750 रन के साथ सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर हैं। 2. रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाए रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने शनिवार को 2 सिक्स लगाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित 51 सिक्स जड़ चुके हैं। शाहिद अफरीदी ने 50 छक्के लगाए थे। 3. भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड का घर में सबसे छोटा टोटल न्यूजीलैंड 134 रन पर ऑलआउट हुई। यह घर पर भारत के खिलाफ टीम का सबसे छोटा वनडे स्कोर है। इससे पहले टीम 1994 में ऑकलैंड में 142 रन बना सकी थी। 4. गुरनूर ने शमी और अर्शदीप को पीछे छोड़ा गुरनूर बरार ने वेलिंगटन में 30 रन देकर 4 विकेट लिए। न्यूजीलैंड में किसी भारतीय तेज गेंदबाज का यह दूसरा बेस्ट बॉलिंग फिगर है। जवागल श्रीनाथ इस मामले में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 2003 में ऑकलैंड में 23 रन देकर 4 विकेट लिए थे। यहां से टॉप-7 मोमेंट्स… 1. बारिश की वजह से मैच जल्दी खत्म हुआ बारिश की वजह से मुकाबला 7:30 की बजाय 8:30 बजे शुरु हुआ। 1 घंटे की देरी के बाद मैच को 47-47 ओवर का कर दिया गया। न्यूजीलैंड की पारी हुई और टीम 41 ओवर में 134 रन पर सिमट गई। इसके बाद जब भारत ने 26 ओवर में 7 विकेट पर 113 रन बना लिए थे, तब बारिश आ गई। थोड़ी देर बाद मैच समाप्त घोषित किया गया और भारत को जीत मिली। 2. वनडे में आकिब नबी ने पहला विकेट लिया आकिब ने अपनी तीसरे वनडे मैच में पहला विकेट लिया। दूसरे ओवर में आकिब ने टिम साइफर्ट को आउट किया। आकीब की ऑफ स्टंप पर पिच हुई गेंद पर साइफर्ट ड्राइव खेलने गए। गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और मिड-ऑन पर अंशुल कंबोज ने डाइव लगाकर कैच पकड़ लिया। 3. गिल ने डेरिल मिचेल का कैच छोड़ा 17वें ओवर में मिचेल का 21 रन पर कैच छूटा। अंशुल कंबोज की गेंद पर मिचेल ने मिड-ऑफ की ओर शॉट खेला। गिल के पास आसान कैच का मौका था। उन्होंने दोनों हाथों से गेंद पकड़ने की कोशिश की, लेकिन हाथों से छिटक गई। 4. गुरनूर और मिचेल के बीच हुई बहस 34वें ओवर में गेंदबाज गुरनूर और मिचेल आमने-सामने आ गए। ओवर की चौथी गेंद पर मिचेल ने पॉइंट की ओर शॉट खेला। इसके बाद गुरनूर ने दोनों हाथ उठाकर मिचेल की ओर इशारा किया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को कुछ कहा। कुछ देर हुई बहस के बाद गुरनूर रनअप की ओर लौट गए। 5. जेमीसन के हेलमेट पर लगा गुरनूर का बाउंसर 38वें ओवर में गुरनूर बरार का बाउंसर जेमीसन को लगा। करीब 140 किलोमीटर की गेंद पर जेमिसन पुल शॉट खेलने से चूक गए। गेंद सीधे उनके हेलमेट के ग्रिल पर लगी। इसके तुरंत बाद भारतीय खिलाड़ी उनके पास गए और हालचाल जाना। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए और कन्कशन टेस्ट हुआ। 6. पहली ही गेंद पर आउट हुए गिल जैकब डफी की पहली ही गेंद पर गिल शून्य पर आउट हुए। डफी की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद पर गिल के बल्ले का बाहरी किनारा लगा। गेंद दूसरी स्लिप में गई, जहां हेनरी निकोल्स ने आगे झुककर कैच पकड़ लिया। थर्ड अंपायर ने रीप्ले देखने के बाद गिल को आउट करार दिया। 7. रोहित को मिला जीवनदान, अगली गेंद पर कोहली आउट हुए भारतीय पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित का कैच छूट गया। जैकब डफी की गेंद ने रोहित के बल्ले का टॉप एज लिया। हालांकि डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर नाथन स्मिथ से कैच छूट गया। इस गेंद पर 1 रन बना। हालांकि अगली ही गेंद पर डफी ने विराट कोहली को आउट कर दिया। कोहली कवर ड्राइव लगाने की कोशिश में विल यंग को कैच थमा बैठे।

Source link

Exit mobile version