Site icon Newsleak

बिहार- 8 दिनों तक चलेगी रग्बी इंटरनेशनल सीरीज:भारत-न्यूजीलैंड की टीम राजगीर पहुंचीं; 24-25 को मुकाबला, 29 को विदाई समारोह


भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने के मौके पर गुरुवार से राजगीर में अंडर-20 रग्बी सेवेंस सीरीज का आयोजन शुरू हो रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला 24 अक्टूबर और दूसरा मुकाबला 25 अक्टूबर को खेला जाएगा। आठ दिवसीय कार्यक्रम 22 से 29 अक्टूबर तक आयोजित किया गया है। न्यूजीलैंड की अंडर-20 माओरी पुरुष और महिला रग्बी टीमें पहली बार भारत आई हैं। इस दौरान भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी मैच, संयुक्त प्रशिक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के तहत प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों का भ्रमण और नवादा स्थित रग्बी स्कूल का दौरा भी करेंगे। इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि राजगीर में एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय बालक और बालिका टीमों को न्यूजीलैंड की टीमों के साथ खेलने और संयुक्त प्रशिक्षण से काफी अनुभव मिलेगा। पटना होते हुए राजगीर पहुंचीं दोनों देशों की टीमें न्यूजीलैंड का 30 सदस्यीय टीम बुधवार देर रात क्राइस्टचर्च से सिंगापुर होते हुए कोलकाता पहुंची। गुरुवार सुबह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। भारतीय अंडर-20 टीम भी ओडिशा के भुवनेश्वर से पटना पहुंची। हवाई अड्डे पर खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों का स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों टीमें राजगीर पहुंचीं। यहां खिलाड़ियों और तकनीकी अधिकारियों के सम्मान में स्वागत सत्र और साझा रात्रिभोज का आयोजित किया गया है। न्यूजीलैंड के 24 और भारत के 32 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा न्यूजीलैंड की टीम में 24 माओरी खिलाड़ी और 6 प्रबंधन सदस्य हैं। पुरुष टीम का नाम ‘तामा टोआ’ और महिला टीम का नाम ‘हिने टोआ’ है। दोनों टीमों में 12-12 खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय टीम में 32 खिलाड़ी हैं। इसमें 16 बालक और 16 बालिका हैं। इसके अलावे 8 प्रबंधन सदस्य हैं। बालक वर्ग में बिहार के बजरंगी कुमार, रोहित कुमार और सागर प्रकाश शामिल हैं। बालिका वर्ग में अल्पना कुमारी, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी और सलोनी कुमारी बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में झारखंड, दिल्ली, ओडिशा, राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी शामिल हैं। 24 और 25 अक्टूबर को मुकाबला, 27 को लाइव मैच इवेंट 23 अक्टूबर से दोनों देशों की टीमों का प्रशिक्षण सत्र शुरू होगा। भारतीय खिलाड़ी बिहार पुलिस अकादमी में जिम सत्र के बाद राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अभ्यास करेंगे। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम पुलिस अकादमी में जिम और स्विमिंग सत्र में हिस्सा लेगी। शुक्रवार शाम को सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 24 अक्टूबर को शाम 6 से रात 8 बजे तक और 25 अक्टूबर को शाम 5 से 7:30 बजे तक मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं, 27 अक्टूबर को शाम 5 से 7:30 बजे तक लाइव मैच इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें नियमित मुकाबलों के अलावा दोनों देशों के खिलाड़ियों की मिश्रित टीमें भी खेलेंगी। 26 अक्टूबर को नालंदा और 28 को नवादा जाएंगे खिलाड़ी 26 अक्टूबर को दोनों देशों के खिलाड़ी प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहरों का भ्रमण करेंगे। इसके बाद राजगीर लौटकर संयुक्त अभ्यास करेंगे। 28 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक खिलाड़ी और तकनीकी अधिकारी संयुक्त समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें मैचों की तकनीकी बारीकियों और रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद खिलाड़ी नवादा स्थित रग्बी स्कूल जाएंगे और स्थानीय खिलाड़ियों से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेंगे। 28 अक्टूबर की रात विदाई समारोह और साझा रात्रिभोज होगा। 29 अक्टूबर को विदाई समारोह के बाद दोनों टीमें पटना होते हुए रवाना होंगी। राहुल बोस बोले- दोनों देशों के खेल संबंधों में अहम होगी सीरीज इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने बताया कि यह सीरीज ऐतिहासिक है। राजगीर में एशिया रग्बी अंडर-20 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय बालक और बालिका टीमों को न्यूजीलैंड के साथ खेलने और संयुक्त प्रशिक्षण से लाभ मिलेगा। न्यूजीलैंड प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मनु अल्बर्ट ने कहा कि यह दौरा खेल कूटनीति और मित्रता का प्रतीक है। हालांकि, मैदान पर दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की ऊर्जा की सराहना की। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रण शंकरण ने कहा कि सीरीज की मेजबानी बिहार और राजगीर के लिए गर्व का अवसर है। इससे अंतरराष्ट्रीय खेल संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण राज्य में खेलों के विकास, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Source link

Exit mobile version