कप्तान देवदत्त पडीक्कल के शतक की बदौलत कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। पंजाब के खिलाफ रविवार को पडीक्कल ने 85 गेंदों में नाबाद 120 रन बनाए। दूसरी ओर डिफेंडिंग चैंपियन विदर्भ ने उत्तर प्रदेश को चार विकेट से हराया, लेकिन इसके बावजूद टीम रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट दौर में जगह नहीं बना सकी। ग्रुप-A से आंध्र प्रदेश और झारखंड ने बेहतर नेट रन रेट के आधार पर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। विदर्भ 4 विकेट से जीता 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विदर्भ ने तीसरे दिन 91/4 से आगे खेलना शुरू किया। रविवार को टीम ने 58.2 ओवर में 202/6 रन बनाकर मैच जीत लिया। अमन मोखड़े ने 150 गेंदों में 83 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल थे। दानिश मालेवार ने 89 गेंदों में 54 रन बनाए। उत्तर प्रदेश के लिए शिवम शर्मा ने 4 विकेट लिए। आंध्र प्रदेश Vs नागालैंड मैच ड्रॉ रहा आंध्र ने नागालैंड के खिलाफ आखिरी मैच ड्रॉ खेलकर ग्रुप-A में टॉप किया। नागालैंड ने दूसरी पारी में 342 रन बनाए, जिसमें विकेटकीपर चेतन बिष्ट ने 181 गेंदों में 100 रन और नगाहो चिशी ने 79 रन बनाए। 173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आंध्र ने सावधानी से बल्लेबाजी की और 8.3 ओवर में 64/4 रन बनाकर ड्रॉ सुनिश्चित किया, जो उनके लिए ग्रुप टॉप करने के लिए काफी था। झारखंड 4 विकेट से जीता जमशेदपुर में खेले गए मुकाबले में झारखंड ने ओडिशा को चार विकेट से हराकर दूसरा स्थान हासिल किया और क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया। ओडिशा ने दूसरी पारी में 226 रन बनाए, जिससे झारखंड को 246 रन का लक्ष्य मिला। झारखंड ने 71.3 ओवर में 249/6 रन बनाकर मैच जीत लिया। शरनदीप सिंह (64), रॉबिन मिंज (63) और अनुकूल रॉय (45) ने अहम योगदान दिया। इससे पहले अनुकूल रॉय ने 5 विकेट भी लिए थे। अंतिम दिन 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शरनदीप सिंह और रॉबिन मिंज के अर्धशतकों ने मजबूत शुरुआत दिलाई। बाद में आदित्य सिंह और अनुकूल रॉय की 43 रन की साझेदारी से झारखंड ने चार विकेट से जीत दर्ज की। तमिलनाडु-बड़ौदा मैच ड्रॉ रहा नॉकआउट की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी तमिलनाडु और बड़ौदा की टीमें ड्रॉ पर संतुष्ट रहीं। तमिलनाडु ने 449 रन बनाए, जिसमें विमल कुमार ने 182 रन की पारी खेली।
जवाब में बड़ौदा ने बिना विकेट खोए 124 रन बनाए। शिवालिक शर्मा (नाबाद 59) और ज्योत्स्निल सिंह (नाबाद 55) क्रीज पर रहे। 250 रन दो सेशन में बनाए कर्नाटक को पंजाब के खिलाफ जीत के लिए 250 रन बनाने थे और समय दो सेशन से कम था। इसके बाद देवदत्त पडीक्कल ने तेजी से बल्लेबाजी की और 6 चौके और 5 छक्के लगाकर जीत दिला दी। कर्नाटक ने सिर्फ 27.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 5 विकेट से जीत दर्ज की। मयंक अग्रवाल ने भी अर्धशतक जमाया। असम को उत्तराखंड ने हराया उत्तराखंड के मयंक मिश्रा ने दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर मैच में कुल 9 विकेट (122 रन देकर) झटके। उनकी गेंदबाजी से उत्तराखंड ने असम को एक पारी और 42 रन से हराया और क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। असम पूरे ग्रुप चरण में सिर्फ 4 अंक जुटा सका और अब प्लेट डिविजन में चला जाएगा। केरल की 9 विकेट से जीत केरल के एमडी निधीश ने गोवा के खिलाफ पांच विकेट लेकर उनकी दूसरी पारी को समेट दिया। केरल ने यह मुकाबला 9 विकेट से जीता। निधीश ने दोनों ओपनर्स को आउट किया और बाद में समर श्रवण दुबाशी का विकेट लेकर अपना 5 विकेटपूरा किया। बड़ौदा के महेश पिथिया ने तमिलनाडु के खिलाफ ड्रॉ मुकाबले में 6/118 के आंकड़े दर्ज किए। उन्होंने 125 रन की ओपनिंग साझेदारी और 144 रन की दूसरे विकेट की पार्टनरशिप तोड़ी, लेकिन बड़ौदा पहली पारी की बढ़त नहीं ले सका। तमिलनाडु पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर रहा। अमनदीप का शतक छत्तीसगढ़ के अमनदीप खरे ने हैदराबाद के खिलाफ ड्रॉ मैच में नाबाद 176 रन बनाए। पहली पारी में पिछड़ने के बाद और नतीजा निकालने का समय न होने के कारण छत्तीसगढ़ ने पूरे चौथे दिन बल्लेबाज़ी की। खरे ने टी-ब्रेक के बाद 150 रन पूरे किए। दोनों टीमों को इस सीजन सिर्फ एक-एक जीत मिली। दिल्ली के कप्तान आयुष दोषेजा ने मुंबई के खिलाफ नाबाद 159 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे। दिल्ली ने आखिरी दिन 201 रन जोड़े और मैच ड्रॉ रहा। मुंबई ग्रुप में टॉप पर रही।
Source link