1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की प्लेइंग-11 में भी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली। वेलिंगटन में हुआ पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। उस मैच में भी सिराज बाहर बैठे थे।
मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकिल में भारत के लिए सबसे ज्यादा 43 विकेट लेने वाले सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट में मौका नहीं मिलने पर पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने सवाल उठाए हैं।

कैफ बोले- विदेशी दौरों पर बुमराह के साथ सिराज पहली पसंद होने चाहिए
मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम मैनेजमेंट के फैसले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि विदेशी टेस्ट दौरों पर जसप्रीत बुमराह के साथ सिराज का नाम सबसे पहले होना चाहिए।
कैफ ने लिखा, ‘यह यकीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक मोहम्मद सिराज को फिर से ड्रॉप कर दिया गया है। विदेशी टेस्ट दौरों पर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में बुमराह के साथ सिराज का नाम सबसे पहले होना चाहिए। दिलचस्प बात यह है कि बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने खुद सिराज को वर्ल्ड-क्लास गेंदबाज बताया था और कहा था कि वे अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं।’
हर्षा भोगले बोले- सिराज को बाहर रखना अन्यायपूर्ण
हर्षा भोगले ने भी सिराज को लगातार बाहर रखने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा WTC साइकिल में दुनिया के टॉप-5 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल होने के बावजूद सिराज को भारतीय प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल रही है।
भोगले ने X पर लिखा, ‘सिराज अब भारत के छठे नंबर के तेज गेंदबाज बन गए हैं। मुझे यह बेहद अन्यायपूर्ण लगता है। इस WTC साइकिल में टेस्ट क्रिकेट के टॉप-5 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से भारत की प्लेइंग-11 में अब सिर्फ बुमराह के लिए जगह है। आप चुने गए गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन की कामना करते हैं, लेकिन उन्हें भी पता रहेगा कि जब उनकी बारी आएगी तो उन्हें लंबा मौका नहीं मिलेगा।’
बैटिंग डेप्थ के लिए बदला गेंदबाजी संयोजन
सिराज ने मौजूदा WTC साइकिल में 11 मैचों में 43 विकेट लिए हैं। पहले टेस्ट में भारत ने बुमराह के साथ प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज को तेज गेंदबाज के रूप में चुना था। वॉशिंगटन सुंदर स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर खेले थे। टीम मैनेजमेंट के इस संयोजन को निचले क्रम की बल्लेबाजी मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देखा गया।
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में हरी पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में सिराज को बाहर रखने के फैसले पर चर्चा और तेज हो गई है।
