![]()
भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने कहा है कि भारत हमेशा पाकिस्तान से एक कदम आगे रहा है। टीम एशिया कप में इस बढ़त को जारी रखना चाहेगी। दुबई में शनिवार को भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच एशिया कप का मैच खेला जाएगा। यह मैच भारत के लिए प्रैक्टिस मैच जैसा होगा। क्योंकि, टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ग्रुप A में थाईलैंड और हांगकांग पर 2 जीत के साथ टॉप पर है। उसे पाकिस्तान के खिलाफ जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। दीप्ति ने कहा- टीम का प्रदर्शन अच्छा मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीप्ति ने कहा, “ऐसा कोई खास फायदा नहीं है। हमने एशिया कप हो या कोई और मैच, पाकिस्तान के खिलाफ जो भी जीता है, उसमें हम हमेशा उनसे एक कदम आगे रहे हैं। बस यही बात है।” उन्होंने कहा कि पूरी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। गेंदबाजी और बल्लेबाजी, दोनों विभाग संतुलित हैं। जिस खिलाड़ी का दिन अच्छा होता है, वह टीम के लिए बेहतर करने और खेल को आगे ले जाने की कोशिश करती है। उसके आसपास के खिलाड़ी सकारात्मक बने रहते हैं, ताकि वह अपने खेल में और बेहतर कर सके। पाकिस्तान की टीम के बारे में पूछे जाने पर दीप्ति ने कहा, “हमारी टीम भी अच्छी है और उनके गेंदबाज भी अच्छे हैं। हम यह जानते हैं। लेकिन हमारा ध्यान अपनी ताकत पर ज्यादा रहता है। जैसा मैंने कहा, हम अच्छे क्रिकेट का एक खास अंदाज खेलना चाहते हैं। हमारा ध्यान इसी पर है।” उन्होंने कहा, “हम बस अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी इकाई के तौर पर टीम उतनी ही मजबूत और संतुलित होनी चाहिए, जितनी वह पिछले दो मैचों में खेलते हुए दिखी है। हमारी सोच यही है।” टीम संयोजन पर फैसला मैनेजमेंट का टीम में किस तरह का संयोजन रहेगा, इस पर दीप्ति ने कोई जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा, “यह मैनेजमेंट का फैसला है।” चारणी और प्रेमा की तारीफ 29 साल की दीप्ति ने बाएं हाथ की स्पिनर श्री चारणी और लेग स्पिनर प्रेमा रावत की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “चारणी बहुत अच्छी प्रतिभा हैं। वह रैंकिंग में नंबर-1 हैं। उन्होंने पिछले एक साल में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। जिस तरह से वह गेंद को टर्न कराती हैं, वह शानदार है। किसी बल्लेबाज के लिए उनके खिलाफ खेलना आसान नहीं है।” प्रेमा के बारे में उन्होंने कहा, “प्रेमा के साथ भी ऐसा ही है। उन्होंने बहुत ज्यादा मैच नहीं खेले हैं। लेकिन जब भी उन्हें गेंदबाजी का मौका मिलता है, वह हमेशा एक कदम आगे रहती हैं। उनका रवैया ऐसा है कि मुझे टीम के लिए सफलताएं दिलानी हैं।” चारणी ने दो मैचों में चार विकेट लिए हैं, जबकि प्रेमा ने दो मैचों में दो विकेट लिए हैं। दीप्ति ने कहा कि सीनियर खिलाड़ी होने के नाते उन्होंने दोनों युवा खिलाड़ियों की हर संभव मदद करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा, “मैंने मैदान और नेट्स में जितना हो सकता है, उनकी मदद करने और अपना अनुभव साझा करने की कोशिश की है। सीनियर खिलाड़ी होने के नाते मैं उनकी ज्यादा से ज्यादा मदद करती हूं।”
Source link
दीप्ति शर्मा बोलीं- हम पाकिस्तान से एक कदम आगे रहे:एशिया कप में भी बढ़त जारी रखेंगे; कल दुबई में खेला जाएगा मैच

