भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। टीम ने इस फॉर्मेट में 47वीं बार 200+ स्कोर का आंकड़ा पार किया। वहीं हार्दिक पंड्या ने 109 मीटर लंबा सिक्स लगाया। गुरुवार को पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने 20 बॉल पर फिफ्टी लगाई। 210 रन का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। पढिए IND Vs NAM मैच के टॉप रिकॉर्ड्स और मोमेंट्स… 1. लगातार 10वीं जीत का रिकॉर्ड भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज कर टूर्नामेंट इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया। यह जीतों का सिलसिला 2024 सीजन से शुरू हुआ था। दूसरे स्थान पर साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया हैं, जिनके नाम आठ-आठ लगातार जीत दर्ज हैं। 2. टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत भारत ने 93 रन से जीत दर्ज कर टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत 2012 में कोलंबो में इंग्लैंड के खिलाफ 90 रन से थी। 3. भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे बड़ा टोटल बनाया भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में 209/9 रन बनाए। इस सूची में भारत का ही 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया गया 218/4 का स्कोर टॉप पर है। 4. भारत ने 47वीं बार 200+ स्कोर बनाया भारत ने टी-20 इंटरनेशनल में 47वीं बार 200 से ज्यादा रन बनाए। यह किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। साउथ अफ्रीका (29) और न्यूजीलैंड (28) इस सूची में पीछे हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने 25-25 बार यह आंकड़ा पार किया है। खास बात यह है कि टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से भारत 14 बार 200+ स्कोर बना चुका है, जबकि इस दौरान किसी अन्य टीम ने सात से ज्यादा बार यह उपलब्धि हासिल नहीं की। 5. ईशान की 20 गेंदों में फिफ्टी ईशान किशन ने 20 गेंदों में अर्धशतक लगा दिया। यह टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए संयुक्त रूप से पांचवीं सबसे तेज फिफ्टी रही। इस सूची में टॉप पर युवराज सिंह की 12 गेंदों वाली ऐतिहासिक पारी है। ईशान ने पावरप्ले के भीतर फिफ्टी पूरी कर टी-20 वर्ल्ड कप में ऐसा करने वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बना ली। उनसे पहले रोहित शर्मा और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। 6. संजू वर्ल्ड कप खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज भारतीय संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप में डेब्यू करने वाले भारत के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी उम्र डेब्यू के समय 31 साल 93 दिन रही। उनसे आगे सिर्फ अमित मिश्रा हैं, जिन्होंने 2014 में 31 साल 117 दिन की उम्र में टी-20 वर्ल्ड कप डेब्यू किया था। 7. इरास्मस ने लिए 4 विकेट नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने दिल्ली में भारत के खिलाफ 4 विकेट झटके। इसके साथ ही वे टी-20 वर्ल्ड कप में कप्तान के रूप में चार विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए। उनसे पहले राशिद खान, डेनियल विटोरी और जीशान मकसूद यह कारनामा कर चुके हैं। साथ ही इरास्मस भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में चार विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बने। उनसे पहले मिचेल सैंटनर (4/11) ऐसा कर चुके हैं। अब मोमेंट्स 1. फ्री हिट पर बुमराह ने किया क्लीन बोल्ड 7वें ओवर की तीसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने लॉरेन स्टीनकैंप को बोल्ड किया, लेकिन इससे पहले वाली गेंद नो-बॉल थी। फ्री हिट होने की वजह से बल्लेबाज को आउट नहीं दिया गया। 2. वरुण चक्रवर्ती ने पहली गेंद पर लिया विकेट 8वें ओवर में गेंदबाजी पर आए वरुण चक्रवर्ती ने पहली ही गेंद पर लॉरेन स्टीनकैंप को क्लीन बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उनकी फ्लाइटेड बॉल गुगली मिडिल स्टंप पर पिच होकर अंदर की ओर टर्न हुई। बल्लेबाज ड्राइव के प्रयास में चूक गए और गेंद मिडिल-लेग स्टंप से जा टकराई। 3. हार्दिक और इरास्मस की टक्कर 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर शिवम दुबे ने शॉट खेला। गेंद रोकने की कोशिश में कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की हार्दिक पंड्या से टक्कर हो गई। हालांकि तुरंत बाद दोनों खिलाड़ियों ने हाथ मिलाकर खेल भावना दिखाई। 4. दुबे का 107 मीटर लंबा सिक्स 14वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे ने 107 मीटर लंबा छक्का जड़ा। बर्नार्ड स्कोल्टज की स्टंप लाइन गेंद को उन्होंने मिडविकेट के ऊपर टॉप टियर में पहुंचा दिया। बॉल ट्रैकर ने दूरी 107 मीटर दर्ज की। 5. हार्दिक का 109 मीटर मॉन्स्टर सिक्स 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने 109 मीटर लंबा छक्का जड़ दिया। ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ गेंद को उन्होंने लॉन्ग-ऑफ के ऊपर स्टैंड्स में भेजा। 6. बुमराह का डाइविंग कैच 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर अक्षर पटेल ने मलान क्रूगर को आउट कराया। क्रूगर का स्वीप शॉट ठीक से कनेक्ट नहीं हुआ और गेंद शॉर्ट फाइन लेग की ओर हवा में चली गई। वहां जसप्रीत बुमराह ने पीछे भागते हुए बाईं ओर शानदार डाइव लगाई और बेहतरीन कैच लपक लिया।
Source link