Site icon Newsleak

इंदौर में वैभव की स्पेशल ट्रेनिंग, स्पीड बढ़ाने पर फोकस:पर्सनल कोच के साथ मैदान पर लगाई दौड़; जिम-स्विमिंग भी कर रहे बिहार के कप्तान


इंदौर में 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीमें तैयारियों में जुटी हैं। डेली कॉलेज मैदान पर बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी का अभ्यास दूसरे खिलाड़ियों से अलग नजर आया। टीम के खिलाड़ी जहां नियमित क्रिकेट अभ्यास कर रहे थे, वहीं वैभव अपने पर्सनल कोच के साथ विशेष फिटनेस सेशन में जुटे थे। उनका फोकस बल्लेबाजी के साथ शरीर की गति, तेजी से रफ्तार पकड़ने और मैदान पर फुर्ती बनाए रखने पर रहा। वैभव मैदान पर एक्सीलरेशन ट्रेनिंग करते नजर आए। इसके तहत उन्होंने बार-बार दौड़ लगाकर अपनी स्पीड और शरीर के संतुलन पर काम किया। प्रैक्टिस इतना चुनौतीपूर्ण था कि वे हांफते हुए भी दिखाई दिए। खास बात यह है कि वैभव जहां भी क्रिकेट खेलने जाते हैं, उनके पर्सनल कोच राजामणि प्रभु भी साथ रहते हैं। इंदौर में भी उनकी निगरानी में वैभव अपनी फिटनेस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। 3 दिन स्पीड ट्रेनिंग नहीं तो 10% तक घट सकती है रफ्तार एक्सपर्ट के मुताबिक, क्रिकेट में स्पीड बनाए रखने के लिए नियमित ट्रेनिंग जरूरी है। उन्होंने बताया कि यदि कोई खिलाड़ी लगातार तीन दिन तक स्पीड ट्रेनिंग नहीं करता है तो उसकी रफ्तार करीब 10 प्रतिशत तक कम हो सकती है। इसी वजह से वैभव के ट्रेनिंग शेड्यूल में स्पीड ड्रिल को खास जगह दी गई है। कोच का फोकस केवल वैभव को तेज दौड़ाने पर नहीं, बल्कि कम दूरी में अधिकतम गति हासिल करने के लिए तैयार करने पर है। क्रिकेट में बल्लेबाज को कई बार कुछ ही सेकंड में तेजी से रन लेना होता है। ऐसे में शुरुआती कुछ मीटर में रफ्तार पकड़ना अहम होता है। इसके लिए वैभव लगातार एक्सीलरेशन ड्रिल कर रहे हैं। यह होती है एक्सीलरेशन ट्रेनिंग एक्सीलरेशन ट्रेनिंग का मतलब कम समय और कम दूरी में शरीर की गति को तेजी से बढ़ाना है। आधुनिक क्रिकेट में इसे खिलाड़ियों की फिटनेस का अहम हिस्सा माना जाता है। इसमें शुरुआती 5 से 10 मीटर की दौड़ पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस ट्रेनिंग में तेज शुरुआत करने, अचानक रुकने, दोबारा रफ्तार पकड़ने और दौड़ते समय शरीर का संतुलन बनाए रखने का अभ्यास कराया जाता है। इससे बल्लेबाज को विकेटों के बीच तेजी से रन लेने और फील्डर को गेंद तक जल्द पहुंचने में मदद मिलती है। वैभव की ट्रेनिंग में भी इसी तरह की ड्रिल देखने को मिली। उनका जोर लंबी दूरी तक दौड़ने के बजाय कम दूरी में अधिकतम गति हासिल करने पर है। टी-20 क्रिकेट में जहां हर रन महत्वपूर्ण होता है, वहां यह ट्रेनिंग उपयोगी साबित हो सकती है। जिम और स्विमिंग से भी फिटनेस पर काम मैदान पर स्पीड ट्रेनिंग के अलावा वैभव जिम और स्विमिंग भी कर रहे हैं। जिम में वे शारीरिक ताकत और मांसपेशियों की क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहे हैं, जबकि स्विमिंग को फिटनेस और रिकवरी रूटीन में शामिल किया गया है। क्रिकेट में लगातार मैच खेलने के दौरान बल्लेबाजी, दौड़ने और फील्डिंग के लिए फिट रहना जरूरी होता है। खासकर टी-20 फॉर्मेट में खिलाड़ियों को कम समय में तेजी से प्रदर्शन करना पड़ता है। ऐसे में केवल नेट प्रैक्टिस पर्याप्त नहीं होती, बल्कि फिटनेस के अलग-अलग पहलुओं पर भी काम करना जरूरी है। वैभव की तैयारी में बल्लेबाजी के साथ स्पीड, स्टैमिना और फुर्ती पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जहां जाते हैं, साथ रहते हैं पर्सनल कोच वैभव की तैयारी में उनके पर्सनल कोच राजामणि प्रभु की भूमिका भी अहम है। वे टीम के नियमित अभ्यास के अलावा अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग करते हैं। इंदौर में भी उनके कोच साथ मौजूद हैं और मैदान पर उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। व्यक्तिगत फिटनेस सेशन से खिलाड़ी को अपनी जरूरत और कमजोरियों पर काम करने का मौका मिलता है। वैभव की मौजूदा ट्रेनिंग में स्पीड और एक्सीलरेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की ओर से खेलने वाले वैभव पर क्रिकेट प्रेमियों की नजरें रहेंगी। कम उम्र में आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके वैभव इस बार भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित करना चाहेंगे।

Source link

Exit mobile version