अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए श्रीगंगानगर के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (23) को पहली बार इंडिया टीम में जगह मिली है। यह टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होगा। इंडिया टीम में सिलेक्शन पर मानव सुथार ने कहा- हर किसी का सपना होता है इंडिया खेलना। मेरा भी था। जब भी मौका मिलेगा, बेस्ट दूंगा और टीम की जीत में कॉन्ट्रिब्यूट करने की कोशिश करूंगा। मानव की मां सुशीला सुथार रोते हुए बोलीं- पूजाघर में बैठी मैसेज का इंतजार कर रही थी। बेटे के चयन के बाद बहुत खुशी हो रही है। उधर, श्रीगंगानगर के विधायक जयदीप बिहाणी ने फोन पर कहा- मानव के मैच खेलकर लौटते ही शहर में शानदार डिनर आयोजित किया जाएगा। देखिए, टीम इंडिया में सिलेक्शन के बाद मानव के घर की PHOTOS… बचपन से ही था क्रिकेट के प्रति जुनून मानव के पिता जगदीश सुथार स्कूल टीचर हैं। मां सुशीला देवी गृहिणी हैं। मानव ने 10-11 साल की उम्र से ही क्रिकेट के प्रति अपना जुनून दिखाना शुरू कर दिया था। श्रीगंगानगर टीम के कप्तान रहते हुए उन्होंने अंडर-14 और अंडर-16 खिताब दिलाए। इसके बाद राजस्थान अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 से होते हुए उन्होंने रणजी ट्रॉफी तक का सफर तय किया। साल 2022 में राजस्थान के लिए प्रथम श्रेणी पदार्पण करने वाले मानव ने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावित किया। मां बोलीं- 10-12 साल की मेहनत आज रंग लाई मानव की मां सुशीला सुथार बेटे की इस उपलब्धि पर भावुक हो गईं। वे मीडिया से बात करते हुए रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि 10 से 12 वर्षों की मेहनत आज सफल हुई है। मैं सुबह से ही टीम चयन का इंतजार कर रही थी। सुशीला सुथार ने बताया- शाम करीब 5 बजे मानव का मैसेज आया कि मेरा चयन भारतीय टीम में हो गया है, जिसके बाद परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पिता बोले- बचपन से ही क्रिकेट के लिए कर रहा मेहनत पिता जगदीश सुथार ने कहा- बेटा पिछले 12-13 साल से लगातार मेहनत कर रहा है। शुरुआत में वह बल्लेबाज बनना चाहता था, लेकिन कोच धीरज शर्मा ने उसकी गेंदबाजी प्रतिभा को पहचान कर स्पिनर बनाया, जो बाद में सही साबित हुआ। आईपीएल में GT का हिस्सा मानव आईपीएल में गुजरात टाइटंस (GT) की टीम में हैं। उन्हें गुजरात टाइटंस से अभी सीमित मौके मिले हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए में लगातार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। कोच धीरज शर्मा हमेशा कहते रहे हैं कि अगर भारत के लिए खेलना है तो रेड बॉल क्रिकेट में खुद को साबित करना होगा। ऑलराउंड क्षमता से बने सिलेक्टर की पसंद मानव सुथार सिर्फ गेंदबाज ही नहीं बल्कि निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। इस कारण उन्हें एक बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में भी देखा जाता है। उनका प्रदर्शन 2023 वर्ल्ड कप कैंप में भी चर्चा में रहा था, जहां उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ इंडिया ए मैच में 5 विकेट लेकर उन्होंने चयन की मजबूत दावेदारी पेश की थी। सिलेक्शन के बाद मानव सुथार बोले…
1. पैरेंट्स से किस तरह का सपोर्ट रहा
पूरा सपोर्ट था। पापा ने 11-12 साल की उम्र में एकेडमी जॉइन करा दी। कहा, तुझे जितना खेलना है खेल, हम हमेशा तेरे साथ हैं। कभी मना नहीं किया।
2. आईपीएल में खेलने से क्या फर्क पड़ता है
अलग-अलग देशों और अलग-अलग संस्कृति से जुड़े लोगों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना ही अपने आप में बड़ी बात है। क्रिकेट ही नहीं, उससे इतर भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है।
3. आपको रविंद्र जडेजा का रिप्लेसमेंट माना जा रहा है
मैं इस तरह नहीं सोचता कि किसकी जगह मौका मिला है। मैं सिर्फ यही सोचता हूं कि जो भी अपॉर्च्युनिटी मुझे मिली है मैं उसमें अपना बेस्ट परफॉर्मेंस करूं।
4. रेड बॉल और व्हाइट बॉल क्रिकेट में क्या फर्क है
मुझे कोई फर्क नहीं दिखता है। आपको हमेशा मैच सिचुएशन के हिसाब से अपना बेस्ट देना होता है, फिर चाहे वह रेड बॉल क्रिकेट हो या व्हाइट बॉल। मेरा यही फोकस रहता है। घर पहुंचकर दी लोगों ने बधाई मानव सुथार के टीम इंडिया में चयन की खबर मिलते ही उनके घर जश्न का माहौल हो गया। मंगलवार को श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी समेत क्रिकेट प्रेमी, कोच और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उनके घर पहुंचे। परिजनों को बधाई दी। इस दौरान शहरवासियों ने मानव के घर पर होली खेली। पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया। विधायक ने कॉल पर दी बधाई विधायक जयदीप बिहाणी ने मानव सुथार से फोन पर बात करते हुए कहा कि उनका दिल और दिमाग खुशी से भर गया है। उन्होंने कहा कि मानव राजस्थान के चौथे और श्रीगंगानगर के पहले क्रिकेटर हैं जो भारतीय टीम में शामिल हुए हैं। उन्होंने मानव की मेहनत को सलाम करते हुए कहा कि जब वह श्रीगंगानगर आएंगे तो उनके सम्मान में भव्य डिनर का आयोजन किया जाएगा। … ये खबर भी पढ़ें … राजस्थान के मुकुल चौधरी बोले-प्लान क्लीयर था डिफेंसिव नहीं खेलना:बेस्ट बॉलर बनने का सपना था; IPL में KKR के खिलाफ खेली मैच विनिंग पारी झुंझुनूं के मुकुल चौधरी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अपने तीसरे ही मैच में 27 गेंद पर नाबाद 54 रन बनाकर लखनऊ सुपर जायंट्स को शानदार जीत दिलाई। पूरी खबर पढ़िए
Source link
